डीजल टैंकर में लगी आग: आधे घंटे बाद भी उठती रहीं लपटें, होटल और शराब की दुकान करवाई खाली
महाजन। भारतमाला सड़क के पास अरजनसर-पल्लू मेगा हाईवे पर जैतपुर टोल प्लाजा के पास स्थित एक होटल की चारदीवारी में बायो डीजल टैंकर से अवैध रूप से डीजल निकालते समय अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे टैंकर को अपनी चपेट में ले लिया। टैंकर में आग की विकराल लपटें उठती देखकर आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। डीजल टैंकर में लगी आग जानकारी के अनुसार, जैतपुर टोल प्लाजा के पास स्थित होटल की चारदीवारी में कुछ लोग बायो डीजल टैंकर से डीजल निकाल रहे थे। इसी दौरान अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा टैंकर आग की लपटों से घिर गया। घटना की सूचना मिलने पर महाजन थाने के एएसआई जगदीश प्रसाद मीणा पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दमकल विभाग को आग लगने की सूचना दी। टैंकर में भीषण आग देखकर होटल मालिक ने एहतियात के तौर पर होटल का सामान बाहर निकलवाकर परिसर खाली करवा दिया। वहीं, पास स्थित शराब की दुकान के ठेकेदार ने भी दुकान से शराब और अन्य सामान बाहर निकालकर दुकान खाली कर दी, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके। आधे घंटे बाद भी आग की लपटें बरकरार टैंकर में लगी आग इतनी भीषण थी कि घटना के करीब आधे घंटे बाद भी आग की विकराल लपटें उठती रहीं। मौके पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जमा रही। आग लगने के कारणों और इससे हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।