रिपोर्ट- IPL ऑक्शन 16 दिसंबर को हो सकता है: BCCI ने फ्रेंचाइजी से प्रतिनिधिमंडल की जानकारी मांगी; गोवा में होना है इवेंट
IPL 2026 का प्लेयर ऑक्शन 16 दिसंबर को हो सकता है। ऑक्शन गोवा के ITC ग्रैंड गोवा होटल में हो सकता है। हालांकि BCCI ने अभी तक फ्रेंचाइजी मालिकों और CEO को तारीख और वेन्यू की पुष्टि वाला ऑफिशियल ईमेल नहीं भेजा है।
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार को BCCI की लॉजिस्टिक्स टीम ने वॉट्सऐप मैसेज के जरिए फ्रेंचाइजी को ऑक्शन की प्रस्तावित तारीख और जगह की जानकारी दी है।
बोर्ड ने फ्रेंचाइजी से यह भी पूछा है कि ऑक्शन में शामिल होने के लिए उनके प्रतिनिधिमंडल में कितने लोग आएंगे। 15 दिसंबर को ऑक्शन से पहले ब्रीफिंग रखी गई है।

यह IPL 2026 के ऑक्शन की तस्वीर है। हर टीम से ऑक्शन में आने वाले प्रतिनिधियों की जानकारी BCCI ने मांगी है, ताकि उनके ठहरने की व्यवस्था की जा सके।
यात्रा और ठहरने की व्यवस्था के लिए भेजा मैसेज
रिपोर्ट के अनुसार, BCCI का यह मैसेज मुख्य रूप से गोवा में यात्रा और ठहरने की व्यवस्था करने के लिए भेजा गया है। बोर्ड की ओर से आधिकारिक सूचना बाद में जारी की जा सकती है। ऑक्शन की तारीख में बदलाव होगा या नहीं, इस पर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है।
उसी दिन भारत-श्रीलंका वनडे भी
16 दिसंबर को भारत और श्रीलंका के बीच बेंगलुरु में वनडे मैच भी होना है। ऐसे में ऑक्शन और इंटरनेशनल मैच एक ही दिन होने की स्थिति में शेड्यूल में बदलाव होगा या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है।
इससे पहले रिपोर्ट्स में भारत-श्रीलंका वनडे सीरीज के पहले वनडे मैच का वेन्यू बदलने की संभावना जताई गई थी। यह मुकाबला 13 दिसंबर को नई दिल्ली में होना है। हालांकि, BCCI ने हाल ही में मैच का वेन्यू बदलने की योजना से इनकार किया था।